संपत्ति व पैसों के विवाद में प्रेमी संग पूर्व पति की हत्या, गिरफ्तार
2013 में हो गया था तलाक, संपत्ति को लेकर था विवाद
देहरादून : संपत्ति व पैसों की विवाद के चलते प्रेमी के साथ मिल कर पूर्व पति की हत्या करने का सनसनीखेज खुलासा किया गया है। बुधवार को सेलाकुई इलाके में हत्या की गई थी। वीरवार को आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना का खुलासा कर आरोपी महिला और उसके प्रेमी को जेल भेजा गया है। खाने में नशे की गोलियां खिलाने के बाद रस्सी से गला दबाकर हत्या की गई थी।
वीरवार को एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने पत्रकार वार्ता के दौरान हत्या की घटना के खुलासे की जानकारी दी। बताया कि बीती बुधवार की शाम छह बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बालूवाला में एक मकान में व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है । पुलिस और एसओजी की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। मृतक गुमान सिंह की बहन पुष्पा देवी ने हत्या की तहरीर सहसपुर थाने में दी। मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के प्रयास शुरू किए गए। 45 सीसीटीवी कैमरों का फुटेज चेक किए गए। घटना में संलिप्त आरोपी रणजीत सिंह नेगी निवासी गजा टिहरी गढ़वाल को सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जायेगा।

हत्या का पहला प्रयास हुआ था विफल-
पूछताछ में आशा ने बताया गया कि, गुमान सिंह से वर्ष 2013 में तलाक हो गया था। बच्चे पति के पास ही थे। लेकिन, पति उसका और बच्चों का ख्याल नहीं रखता था। लगातार संपत्ति को बेचकर खर्च कर रखा था। हाल ही में पति ने बालूवाला में अपना मकान भी बेच दिया था। मिला पैसा मौज मस्ती में खर्च कर रहा था। बताया कि उसके और बच्चों के साथ मारपीट करता था। आशा का कहना है कि वह सेलाकुई में काम करके चला अपना और बच्चों का खर्च चला रही थी। इसी दौरान आशा की मुलाकात रणजीत सिंह नेगी से हुई। काफी नजदीकी सम्बन्ध हो गये। बीती मंगलवार को दोनो ने गुमान सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनायी।
पति गुमान सिंह को बालूवाला स्थित घर पर बुलाया गया। गुमान सिंह को खाने में नींद की गोली दी गई। जब वह सो गया तो एक रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। बताया की इसी रात पहले हत्या का प्रयास किया तो गुमान सिंह उठ गया था। जिसके बाद उसको गहरी नींद में सोने का इंतजार किया और हत्या की गई। गुमान सिंह का मोबाइल फोन लेकर घटनास्थल से चले गए थे। एसएसपी ने बताया कि आरोपी रणजीत सिंह नेगी पुत्र बचन सिंह निवासी गजा टिहरी गढ़वाल हाल पता सेलाकुई देहरादून और आशा यादव पूर्व पत्नी गुमान सिंह निवासी सेलाकुई देहरादून को गिरफ्तार किया गया।